रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने भाजपा विधायक सुनील सोनी को फोन कर खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताया और उन्हें आतंकवादी हमले से जोड़कर धमकाने की कोशिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तुरंत इसकी शिकायत एसएसपी और साइबर सेल से की। फिलहाल पुलिस टीम जांच में जुट गई है।
मिली जानकरी के मुताबिक, 19 नवंबर की शाम विधायक सुनील सोनी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को IB अधिकारी बताया और कहा कि उनका नंबर पहलगाम (कश्मीर) में हुए आतंकी हमले की जांच में मिला है। ठग ने दावा किया कि इस नंबर से हमले से जुड़ी कई कॉल्स की गई हैं। इतना ही नहीं, उसने विधायक को दिल्ली स्थित IB कार्यालय में पूछताछ के लिए तुरंत बुलाए जाने की बात भी कही।
Read Also- एसीबी की बड़ी कार्रवाई: नगर पालिका इंजीनियर 30 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
विधायक सुनील सोनी ने जब अपना परिचय देते हुए कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं, तब भी ठग ने धमकाते हुए कहा— “कौन हो इससे फर्क नहीं पड़ता… घटना में आपकी संलिप्तता पाई गई है।” विधायक के अनुसार, कॉल की भाषा और तरीका देखने से उन्हें समझ आ गया कि यह एक संगठित ठगी का प्रयास है।
घटना की जानकारी उन्होंने तुरंत एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह और साइबर सेल को दी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कॉल हरियाणा के गुड़गांव क्षेत्र से किया गया था। साइबर विशेषज्ञ नंबर की लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाल रहे हैं।
विधायक सुनील सोनी ने कहा कि ठग इसी तरीके से किसी भी आम व्यक्ति को डरा-धमकाकर डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं में फंसा देते हैं। इसलिए ज़रूरत है कि हर नागरिक जागरूक रहे और ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल पर भरोसा न करे।




