रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी को लेकर दो चोरों के बीच हुआ विवाद जानलेवा बन गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और एक युवक ने अपने साथी की फावड़े से सिर पर वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को पास की डेयरी में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गरियाबंद से गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान धनेश साहू उर्फ धन्नू (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसकी लाश गोवर्धन नगर स्थित सुभाष डेयरी के अंदर से बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या उसके ही परिचित तरूण मिश्रा उर्फ पूनम ने की है। दोनों आपराधिक प्रवृत्ति के थे और पहले से एक-दूसरे को जानते थे।
Read Also- छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी: 25 जिलों में ऑरेंज तो 3 में यलो अलर्ट जारी
शराब के नशे में हुआ विवाद, मोबाइल बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी तरूण मिश्रा ने बताया कि वारदात वाले दिन वह और धनेश साथ में शराब पीने गए थे। शराब पीने के दौरान धनेश ने पास की शराब दुकान के बाहर खड़े किसी व्यक्ति का मोबाइल चुरा लिया और तरूण को दे दिया। नशे में धुत तरूण ने वह मोबाइल कहीं गिरा दिया, जिससे धनेश भड़क गया। दोनों के बीच इसी बात को लेकर जमकर कहासुनी हुई।
डेयरी में हुई कहासुनी ने लिया हिंसक रूप
शराब पीने के बाद दोनों गोवर्धन नगर स्थित सुभाष डेयरी पहुंचे, जहां कहासुनी एक बार फिर झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर तरूण ने पहले धनेश को डेयरी से बाहर निकालकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। लेकिन धनेश पीछे के मकान की छत से कूदकर दोबारा डेयरी में घुस आया। इसके बाद दोनों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई।
Read Also- छत्तीसगढ़ में खेलों को मिलेगी नई उड़ान, अभिनव बिंद्रा फाउंडेशन के सहयोग से शुरू होंगे अत्याधुनिक प्रशिक्षण कार्यक्रम
फावड़े से सिर पर वार कर की हत्या
झगड़े के दौरान तरूण ने पास में रखा फावड़ा उठाकर धनेश के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से धनेश की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को डेयरी में ही फेंक दिया और बस पकड़कर गरियाबंद भाग गया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गरियाबंद से गिरफ्तार कर लिया है।




