गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने के लिए गोंद कतीरा का सेवन करने की सलाह दी जाती है। इसे एक नेचुरल कूलेंट और सुपरफूड माना जाता है, जो शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ थकान और डिहाइड्रेशन से भी बचाता है। खासकर गर्मियों और मानसून के शुरुआती दिनों में लोग इसका सेवन खूब करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह हर किसी के लिए लाभकारी नहीं होता?
हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं होता गोंद कतीरा जानिए किसे करना चाहिए इससे परहेज
विशेषज्ञों के अनुसार, गोंद कतीरा की तासीर काफी ठंडी होती है। ऐसे में महिलाओं को पीरियड्स के दौरान इसका सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे पेट में ऐंठन या ठंड लगने जैसी समस्या हो सकती है।
वहीं जिन लोगों को पाचन से जुड़ी दिक्कतें रहती हैं, जैसे गैस, पेट फूलना या अपच की शिकायत, उन्हें भी गोंद कतीरा खाने से परहेज करना चाहिए। इसकी ठंडी प्रकृति डाइजेशन को प्रभावित कर सकती है।
अगर किसी को लो ब्लड प्रेशर की समस्या है तो उन्हें गोंद कतीरा लेने से बचना चाहिए। इसके सेवन से शरीर में ऊर्जा की कमी महसूस हो सकती है और थकावट बढ़ सकती है।
एलर्जी से पीड़ित लोगों को भी गोंद कतीरा से सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि यह त्वचा या सांस संबंधी एलर्जी को ट्रिगर कर सकता है।
इसके अलावा, जो लोग ब्लड थिनर दवाएं ले रहे हैं, उन्हें गोंद कतीरा का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए। यह दवाओं के असर को प्रभावित कर सकता है।
यदि आप पहली बार गोंद कतीरा का सेवन कर रहे हैं तो 1 से 2 टुकड़ों से अधिक न लें और इसे रातभर पानी में भिगोकर ही उपयोग करें।
ध्यान रखें, जरूरत से ज्यादा गोंद कतीरा खाने से पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए इसका सेवन सोच-समझकर और सलाह के अनुसार ही करें।




