कटघोरा। गणेश उत्सव की तैयारियों के बीच बुधवार को नगर में ‘कटघोरा के राजा’ का ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा में शामिल होने और 21 फीट ऊँची भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
21 फीट ऊँची प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र
‘कटघोरा के राजा’ की शोभायात्रा की शुरुआत कासनिया से हुई और नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहर में प्रवेश किया। इस दौरान मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे। श्रद्धालुओं का उत्साह तब चरम पर पहुँच गया जब शोभायात्रा का केंद्र बिंदु 21 फीट ऊँची गणेश प्रतिमा नगर में पहुंची।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा उत्सव
शोभायात्रा के दौरान हनुमान जी की झांकी, शंखनाथ गोंदिया से आए प्रसिद्ध भवानी ढोल पाठक दल और दुर्गा के गौरी कृपा समूह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव को जीवंत बना दिया। वहीं, मुंबई से आए पुष्पा शो की प्रस्तुति देखने के लिए भी भारी भीड़ जुटी।
नगर के शहीद वीरनारायण चौक पर बने भव्य स्वागत मंच पर रंगोली और स्केटिंग जैसे विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आतिशबाजी ने इस भव्य आयोजन की रौनक को और बढ़ा दिया।
पद्मनाभस्वामी मंदिर की थीम पर सजा पंडाल
इस आयोजन में जय देव गणेश उत्सव समिति का विशेष योगदान रहा। समिति ने इस वर्ष पद्मनाभस्वामी मंदिर की थीम पर पंडाल तैयार किया है, जिसने श्रद्धालुओं का आकर्षण और बढ़ा दिया।
गणेश प्रतिमा का निर्माण छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के थाना स्थित राधे आर्ट गैलरी द्वारा किया गया है। नगर में प्रतिमा के आगमन पर स्थानीय लोग बेहद उत्साहित और भावुक नजर आए।




