रायपुर। केंद्रीय जीएसटी विभाग ने मोबाइल फोन के कारोबार से जुड़ी रायपुर की तीन कंपनियों पर करोड़ों रुपये की कर चोरी के आरोप में बड़ी कार्रवाई की है। जांच में खुलासा हुआ कि मेसर्स श्री मंगलम टेलीकॉम एलएलपी, मेसर्स मंगलम ट्रेडर्स और मेसर्स श्री मंगलम कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनियां, मुख्य रूप से एप्पल ब्रांड के मोबाइल फोन का व्यापार करती हैं, लेकिन फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लेकर जीएसटी चोरी कर रही थीं।
सूत्रों के अनुसार, ये कंपनियां फरीदाबाद स्थित मेसर्स बालाजी मोबाइल एडिशन से जुड़े एक नेटवर्क के माध्यम से फर्जी बिलिंग और ITC घोटाले में संलिप्त पाई गईं। जांच में सामने आया कि तीनों कंपनियों ने बालाजी मोबाइल एडिशन के फर्जी चालानों के आधार पर लगभग 4 करोड़ रुपये का अवैध ITC लिया।
अब तक इनमें से 98 लाख रुपये की राशि डीआरसी-03 के जरिए जमा कराई जा चुकी है, जबकि बाकी बकाया टैक्स, ब्याज और जुर्माना चुकाने का आश्वासन कंपनियों ने दिया है।
यह कार्रवाई सेंट्रल जीएसटी के प्रिंसिपल कमिश्नर पराग बोलकर, जॉइंट कमिश्नर बी.एन. संदीप और असिस्टेंट कमिश्नर मिर्जा शाहिद बेग के निर्देशन में की गई। करीब 10 अधिकारियों की टीम ने छापेमारी के दौरान जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य जब्त किए हैं।
फिलहाल विभाग मामले की आगे की जांच कर रहा है और अनुमान है कि जांच के दायरे में अन्य व्यापारी और नेटवर्क से जुड़े लोग भी आ सकते हैं।




