बलौदाबाजार-भाटापारा। भाटापारा शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां कुछ असामाजिक तत्वों ने गुलाबी गैंग की महिलाओं पर हमला कर दिया। इस दौरान युवकों ने महिलाओं के साथ जमकर झूमाझटकी भी की। घटना के बाद गुलाबी गैंग की महिलाएं भाटापारा शहर थाना पहुंचीं और मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुलाबी गैंग की महिलाएं शहर में बढ़ती शराबखोरी, जुआ और गांजाखोरी पर रोक लगाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान उन्होंने कुछ युवकों को शराब पीने से मना किया। इस पर युवक भड़क गए और महिलाओं के साथ विवाद करने लगे। देखते ही देखते झूमाझटकी शुरू हो गई।
घटना के बाद महिलाएं थाने पहुंचीं और संबंधित युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।




