रायपुर। पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हुई। रायपुर में 45 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे अधिक 106.3 मिमी बारिश हुई। वहां तेज बहाव वाले नाले को पार करने की कोशिश में एक कार बह गई, लेकिन उसमें सवार तीन लोग तैरकर सुरक्षित निकल आए।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के पास बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण यह बारिश हो रही है, जो दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ को प्रभावित कर रहा है। अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कांकेर, नारायणपुर और बीजापुर के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, जीपीएम, मुंगेली, बिलासपुर, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
सारंगढ़ में उफनते नाले में कार बही, सवारों ने तैरकर जान बचाई
सारंगढ़ में भारी बारिश से नाला उफान पर था, जिसे पार करने की कोशिश में एक कार बह गई। कार में सवार तीन लोग, जो बरमकेला से ओडिशा जा रहे थे, तैरकर सुरक्षित निकल आए। ग्रामीणों ने उन्हें नाला पार न करने की चेतावनी दी थी, लेकिन उन्होंने सलाह नहीं मानी। नाले में 2-3 फीट ऊपर तक पानी बह रहा था। बरमकेला का विक्रम नाला, जहां अधूरा पुल वर्षों से समस्या बना हुआ है, लोगों के लिए जोखिम का कारण बना हुआ है।




