रायपुर। छत्तीसगढ़ में आई बाढ़ आपदा के बीच मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि और आवश्यक राहत सामग्री भेजी है। इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने X पोस्ट में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का आभार जताया है।
सीएम साय का धन्यवाद संदेश
सीएम साय ने लिखा, “मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ न केवल पड़ोसी राज्य हैं, बल्कि आत्मीय बंधन से जुड़े परिवार की तरह हैं। आपदा की इस घड़ी में आपका सहयोग हमारे बस्तर संभाग के प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा।”
मध्यप्रदेश सरकार का सहयोग
सीएम मोहन यादव ने कहा कि अतिवृष्टि से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में जन-धन की हानि हुई है। पड़ोसी राज्य होने के नाते हर संभव सहायता पहुंचाना हमारा दायित्व है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी आवश्यकता पड़ने पर मध्यप्रदेश सरकार पूरी मजबूती से छत्तीसगढ़ के साथ खड़ी रहेगी।





