रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कमल विहार इलाके में बीच सड़क एक कपल के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ न सिर्फ अभद्रता करता दिखाई दे रहा है, बल्कि उसे ब्रेकअप की धमकी देने के साथ-साथ अपशब्द और अश्लील गालियां भी दे रहा है। यह पूरा मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में युवक, जिसकी पहचान युवराज कालवानी के रूप में हुई है, युवती को धमकाते हुए यह तक कहता है कि वह उसका आपत्तिजनक वीडियो उसके पिता को भेज देगा। जवाब में युवती शांत रहते हुए कहती है, “भेज दो, जाओ।” विवाद बढ़ने पर जब आसपास खड़े लोगों ने युवक को टोका और समझाने की कोशिश की, तो वह उल्टा उन्हें ही धमकाने लगा और गुस्से में कार से कुचलने की बात कह डाली।
स्थानीय लोगों ने इस घटनाक्रम की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने वायरल वीडियो और कार के नंबर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। मुजगहन थाना पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




