Surajpur Accident News: सूरजपुर जिले के चेंद्रा चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई और 20 ग्रामीण घायल हो गए। सभी लोग एक शादी के बाद आयोजित चौथिया भोज कार्यक्रम से लौट रहे थे। यह हादसा मंगलवार रात करीब 10 बजे ग्राम बिसाही पोड़ी के पास नकटी नाला के पास हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में 12 वर्षीय दिगंबर राजवाड़े और 13 वर्षीय पुन्नू चेरवा शामिल हैं। दोनों भंडारपारा गांव के निवासी थे। हादसे में उन्हें सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
Read Also- छत्तीसगढ़ के प्रतियोगी युवाओं को बड़ी राहत, व्यापमं परीक्षा शुल्क में नहीं होगी कोई बढ़ोतरी
Surajpur Accident News: दरअसल, भंडारपारा निवासी तलिंदर राजवाड़े की बेटी की शादी कुछ दिन पहले ओड़गी ब्लॉक के बिलासपुर निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद चौथिया भोज का आयोजन बिलासपुर में किया गया था, जिसमें शामिल होने के लिए 25 ग्रामीण, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे, पिकअप में सवार होकर गए थे। भोज के बाद लौटते समय हादसा हुआ।
Read Also- सीएम साय ने पहलगाम आतंकी हमले में रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया के निधन पर जताया गहरा शोक
Surajpur Accident News: पुलिस के अनुसार, ड्राइवर पिकअप को तेज गति से चला रहा था और नकटी नाला के पास एक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी पहले एक पत्थर से टकराई और फिर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चेंद्रा चौकी प्रभारी एलपी गुप्ता और भटगांव थाना प्रभारी सरफराज फिरदौशी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को भटगांव स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। गंभीर रूप से घायल 9 लोगों को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज भटगांव में जारी है।
Read Also- सरकार ने अब इस चीनी ऐप को किया बैन, प्ले स्टोर से हटाने के ऑर्डर दिए
मालवाहक में सवारी बनी जानलेवा
छत्तीसगढ़ में मालवाहकों का उपयोग बारात और भोज जैसे कार्यक्रमों में सवारी के लिए लगातार किया जा रहा है, जबकि इसपर पहले ही प्रतिबंध लग चुका है। फिर भी ग्रामीण इलाकों में इसका खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। बीते साल कवर्धा में हुए ऐसे ही हादसे के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाने की बात कही थी, लेकिन इस दिशा में कोई सख्त कदम अब तक नहीं उठाया गया है।




