स्पोर्ट्स डेस्क। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने ताजा वनडे रैंकिंग जारी कर दी है। इस बार टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को एक स्थान का फायदा हुआ है और वह टॉप-5 बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि भारत ने इस हफ्ते कोई वनडे मैच नहीं खेला, फिर भी कोहली की रैंकिंग में सुधार हुआ है। इसका कारण पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम का फ्लॉप प्रदर्शन रहा, जिसकी वजह से उन्हें दो स्थान का नुकसान उठाना पड़ा।
वहीं, रोहित शर्मा ने अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। आईसीसी ओडीआई बल्लेबाजी रैंकिंग में वह नंबर-1 पर बने हुए हैं। रोहित के 781 रेटिंग पॉइंट्स हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे वनडे में 73 और तीसरे वनडे में 121 रन की नाबाद पारी खेली थी। टॉप-4 में इस बार कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारत के युवा कप्तान शुभमन गिल 745 अंकों के साथ चौथे स्थान पर कायम हैं।
Read Also- भारत-साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज: शुभमन गिल के पास इतिहास रचने का मौका
बिना खेले कोहली को फायदा
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल की सीरीज़ में विराट कोहली दो मैचों में बिना खाता खोले आउट हुए थे, जबकि तीसरे वनडे में उन्होंने 74 रन बनाए थे। हालांकि यह पारी उनकी रैंकिंग सुधारने में निर्णायक नहीं रही। असली फायदा उन्हें बाबर आजम की खराब फॉर्म से मिला।
बाबर ने पिछले हफ्ते तीन वनडे खेले साउथ अफ्रीका के खिलाफ 11 और 27 रन, जबकि श्रीलंका के खिलाफ 29 रन बनाए। इस प्रदर्शन के चलते वह 5वें से 7वें स्थान पर खिसक गए।
टॉप-10 ओडीआई बल्लेबाजों की लिस्ट
- रोहित शर्मा (भारत) – 781
- इब्राहिम जादरान (अफगानिस्तान) – 764
- डेरियल मिशेल (न्यूजीलैंड) – 746
- शुभमन गिल (भारत) – 745
- विराट कोहली (भारत) – 725
- चरिथ असलंका (श्रीलंका) – 710
- बाबर आजम (पाकिस्तान) – 709
- हैरी टेक्टर (आयरलैंड) – 708
- श्रेयस अय्यर (भारत) – 700
- शाई होप (वेस्टइंडीज) – 690
टी20 रैंकिंग में भी बदलाव
टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में अभिषेक शर्मा ने अपना पहला स्थान बरकरार रखा है। वहीं, तिलक वर्मा को दो स्थान का नुकसान हुआ है और वह तीसरे से पांचवें स्थान पर चले गए हैं। टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में हार्दिक पांड्या एक पायदान नीचे खिसककर पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।




