रायपुर. नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले डे-नाइट वन डे मैच के लिए विद्यार्थियों हेतु आरक्षित 1500 सीटों के टिकट सोमवार से उपलब्ध होंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने इसके लिए बूढ़ातालाब के पास स्थित इंडोर स्टेडियम में 24 नवंबर से टिकट काउंटर की व्यवस्था की है। यहां सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विद्यार्थी अपने शैक्षणिक संस्थान के चालू सत्र का वैध परिचय पत्र दिखाकर 800 रुपये में एक टिकट प्राप्त कर सकेंगे।
क्रिकेट संघ के डायरेक्टर बलदेव सिंह भाटिया ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए दो अलग टिकट काउंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग वालों के लिए छह अतिरिक्त काउंटर संचालित होंगे। ऑनलाइन टिकट लेने वाले बारकोड स्कैन कर फिजिकल टिकट प्राप्त कर सकेंगे, जिसके लिए संभवतः ओटीपी की पुष्टि आवश्यक होगी। ऑनलाइन टिकट 24 नवंबर से 2 दिसंबर की शाम तक उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद काउंटर बंद कर दिया जाएगा। मैच के दिन दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम परिसर में एक काउंटर खोलने की योजना पर विचार चल रहा है। विद्यार्थियों के लिए अपर-3 स्टैंड आरक्षित किया गया है और उन्हें प्रवेश गेट नंबर 3 से दिया जाएगा।
सुरक्षा और व्यवस्था
इंडोर स्टेडियम में टिकट वितरण के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और निजी सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। क्रिकेट संघ ने भीड़ प्रबंधन के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की है। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार काउंटर तक पहुंचने से पहले ही विद्यार्थियों की आईडी कतार में जांची जा सकती है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। इसके लिए लगभग 20 वॉलिंटियर्स तैनात करने की तैयारी है। वर्ष 2023 में हुए न्यूजीलैंड-भारत वन डे मैच के दौरान आईडी जांच और नकद लेन-देन में देरी के कारण हुई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस बार यूपीआई भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।




