इंदौर। रायपुर के लिए रवाना हुई इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E 7295 को उड़ान भरने के महज आधे घंटे बाद तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान को देवी अहिल्या हवाई अड्डे (इंदौर एयरपोर्ट) पर सुरक्षित उतार लिया गया। इसके बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया और यात्रियों को टिकट की राशि वापस लेने या नई बुकिंग कराने का विकल्प दिया गया।
फ्लाइट ने मंगलवार सुबह 6:35 बजे इंदौर से रायपुर के लिए टेक ऑफ किया था। करीब 7:15 बजे विमान को वापस इंदौर लाया गया। यात्रियों ने बताया कि उड़ान के दौरान अचानक जोर का झटका महसूस हुआ। थोड़ी ही देर में पायलट ने फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी दी और कहा कि विमान इंदौर लौट रहा है।
जानकारी के मुताबिक, उड़ान के कुछ समय बाद पायलट को तकनीकी अलर्ट (फॉल्स अलार्म) मिलने लगे। एहतियात के तौर पर पायलट ने एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान को तुरंत इंदौर एयरपोर्ट पर उतारा गया और तकनीकी जांच शुरू की गई। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को निरस्त कर दिया गया। इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों को पूरी राशि वापस करने और टिकट रीशेड्यूल करने की सुविधा दी है। कोई भी घायल नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
एयरपोर्ट प्रबंधन का बयान
इंदौर एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर के अनुसार, “विमान में माइनर टेक्निकल फॉल्ट की पुष्टि हुई थी, लेकिन किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हम यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।”




