अबू धाबी। एतिहाद एरीना में 16 दिसंबर को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए मिनी नीलामी आयोजित हुई। नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन सबसे महंगे रहे, जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा। KKR ने श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को भी 18 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। अनकैप्ड खिलाड़ी प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 14.20 करोड़ रुपये प्रत्येक में खरीदा।
नीलामी में लोकसभा सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन पर भी KKR ने सफल बोली लगाई। बेस प्राइस 30 लाख रुपये पर ही उन्हें तीन बार की चैंपियन KKR ने खरीद लिया। सार्थक पहली बार IPL में खेलेंगे। आगामी सीजन में KKR के लिए उनके प्रदर्शन पर नजर रहेगी।
सार्थक ने दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2025 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के लिए 11 मैचों की 10 पारियों में 495 रन बनाए, जिसमें चार अर्धशतक और सर्वोच्च 82 रन शामिल रहे। 55 के औसत से 56 चौके और 18 छक्के लगाए। वे रन-स्कोरर सूची में दूसरे स्थान पर रहे।
29 वर्षीय सार्थक पिछले साल मार्च में पिता पप्पू यादव के साथ कांग्रेस में शामिल हुए थे। पप्पू यादव पूर्णिया से सांसद हैं, जबकि मां रंजीत रंजन छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सदस्य हैं।




