KHABARWAAD RAIPUR. छत्तीसगढ़ में कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है, प्रदेश की राजधानी रायपुर सहित कई संभागों में मंगलवार को दिन भर भारी बारिश हुई और तेज आंधी तूफान चली। बारिश के चलते तापमान में भी बहुत ज्यादा गिरावट देखने को मिल रही है और लोगों को गर्मी के मौसम में भी मानसून जैसी ठण्ड का एहसास हो रहा है।
इसी कड़ी में आज फिर मौसम विभाग ने रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए प्रदेश के अधिकांश स्थानों में तेज अंधड़ चलने की संभावना जताई है। बता दें कि, मौसम विभाग ने 15 मार्च को ही पांच दिन का अलर्ट जारी करते हुए बिजली गिरने,आंधी तूफ़ान चलने और बारिश की संभावना भी जताई गई थी।
आज भी होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने आज राजधानी रायपुर, दुर्ग-भिलाई, धमतरी, महासमुंद, भाटापारा समेत अन्य कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 20 मार्च तक प्रदेश में बारिश होने के आसार जताए हैं। वहीं मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 22 मार्च से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा।




