जगदलपुर। बस्तर जिले के अलनार गांव में देर रात कच्चे मकान की दीवार गिरने से 14 वर्षीय लोकेश नाग की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि उसकी दादी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के वक्त घर में 10 लोग सो रहे थे।
घटना रात ढाई बजे हुई, ग्रामीणों ने मलबे से दोनों को निकाला लेकिन लोकेश की जान नहीं बच सकी। पुलिस सुबह मौके पर पहुंची, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर न होने से परिजन शव के पोस्टमार्टम के लिए 5 घंटे तक इंतजार करते रहे। बाद में शव को डिमरापाल अस्पताल ले जाया गया। घायल दादी का इलाज जारी है।




