रायपुर। ननों की गिरफ्तारी के मुद्दे पर एक बार फिर केरल सांसदों का डेलिगेशन छत्तीसगढ़ पहुंचा, जिस पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, “मामला न्यायालय में लंबित है, उसका निर्णय वहीं होगा। अब अगर ऐसे विषयों पर प्रदर्शन होगा, तो यह कांग्रेस की मंशा पर सवाल खड़े करता है।”
गृह मंत्री ने तीखा सवाल दागते हुए कहा –क्या कांग्रेस अब प्रदर्शन के जरिए न्यायपालिका पर दबाव बनाना चाहती है?”
“बिरनपुर हत्या पर चुप क्यों थी कांग्रेस?”
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस की ‘चुप्पी’ पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब बिरनपुर में हत्या हुई थी, तब कांग्रेस के नेता वहां क्यों नहीं पहुंचे? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एकपक्षीय राजनीति कर रही है और सभी विषयों को समान रूप से नहीं उठा रही।
“हम इस गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच करवा रहे हैं और परिणाम तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध हैं,” — विजय शर्मा।
दुर्ग स्कूल विवाद: “परीक्षण जारी, कार्रवाई होगी”
दुर्ग जिले के एक स्कूल में छात्र को ‘राधे-राधे’ बोलने पर पिटाई के मामले में भी गृह मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले की परीक्षण प्रक्रिया जारी है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध सामानों की बिक्री पर सरकार की नजर
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से संदिग्ध सामानों की बिक्री पर पूछे गए सवाल के जवाब में गृह मंत्री ने कहा कि,
“ऐसे उत्पादों की बिक्री को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जो लोग ऐसे सामानों की आपूर्ति कर रहे हैं, वे अभी से इसे बंद कर दें।”
राज्य में बनेंगे 200 महतारी सदन
पंचायत विभाग की हालिया बैठक का हवाला देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 200 ‘महतारी सदन’ बनाए जाएंगे।
“पहले चरण में 50 महतारी सदनों का निर्माण शुरू किया जाएगा, जिससे महिलाओं को जागरूकता, स्वास्थ्य और अधिकारों की दिशा में नया मंच मिलेगा।”




