रायपुर। राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब स्थित शोभा टेलीकॉम मोबाइल दुकान में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सिविल लाइन पुलिस और एंटी क्राइम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी नवीन पिंजानी और शेख इमरोज समेत दो नाबालिगों को नागपुर से गिरफ्तार किया गया है।
![]()
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी: 25 से 27 जुलाई तक रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी, प्रशासन अलर्ट मोड पर
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 87 मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद और दो एक्टिवा वाहन जब्त किए हैं। चोरी का यह मामला 22 जुलाई की रात को अंजाम दिया गया था, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की थी।
इस पूरे मामले का खुलासा रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
कैसे हुआ चोरी का खुलासा?
शिकायतकर्ता विशाल विरनानी ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जुलाई की रात 10 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। अगले दिन सुबह 6.30 बजे पड़ोसी के फोन से पता चला कि दुकान का शटर आधा खुला है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर से मोबाइल फोन, कैश और दस्तावेज गायब थे।
पुलिस ने FIR दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय पूछताछ, और पुराने अपराधियों के डाटा की मदद से जांच शुरू की। जल्द ही संदेह की सूई स्थानीय युवक नवीन पिंजानी की ओर गई, जिसे पकड़कर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी में शेख इमरोज और दो नाबालिगों की संलिप्तता कबूल की।
नागपुर से ट्रेन में भाग रहे थे आरोपी, वहीं से पकड़े गए
जांच टीम को सूचना मिली कि तीनों आरोपी महाराष्ट्र की ओर भागने की फिराक में हैं। तत्काल नागपुर रेलवे स्टेशन पर पहले से तैनात पुलिस टीम से संपर्क कर तीनों को ट्रेन में पकड़ लिया गया। बाद में उन्हें रायपुर लाकर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जब्त सामग्री:
- 87 नग नये/पुराने मोबाइल फोन
- ₹20,000 नगद
- 2 एक्टिवा वाहन
- मोबाइल बिल और रजिस्टर
मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास
आरोपी शेख इमरोज पहले भी लूट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने आपराधिक नेटवर्क और चोरी के अन्य मामलों में भी जांच कर रही है।




