विश्रामपुर। शहर के केंद्रीय चिकित्सालय में पदस्थ डॉ. निरंजन कुमार के आवास में बीती रात बड़ी चोरी की वारदात होते-होते टल गई। घटना टूए कॉलोनी स्थित सी-11 क्वार्टर की है, जहां 4-5 अज्ञात चोर देर रात घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सतर्कता और संयोग से समय रहते यह प्रयास विफल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे डॉ. निरंजन अपने परिवार के साथ भोजन कर आराम कर रहे थे। इसी दौरान मकान के पीछे संदिग्ध गतिविधि शुरू हुई। ऊपरी मंजिल पर रहने वाले सहायक उप निरीक्षक शशि शेखर तिवारी ड्यूटी से लौटे ही थे। जैसे ही उन्होंने पिछला दरवाज़ा खोला, उन्होंने देखा कि चार से पांच युवक दीवार फांदकर डॉक्टर के घर में घुसने का प्रयास कर रहे हैं।
बांग्लादेश जेट हादसा: 25 बच्चों सहित 32 की मौत, भारत भेजेगा बर्न स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम
एसआई तिवारी ने तुरंत डॉक्टर निरंजन और विश्रामपुर थाने को इसकी सूचना दी। मौके पर पेट्रोलिंग पार्टी पहुंची, जिसकी आहट सुनकर चोर मौके से भाग निकले। भागने के दौरान वे एल्यूमिनियम की खिड़कियां और पैनल वहीं छोड़ गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।
क्षेत्र में चोरी की बढ़ती वारदातें
बिश्रामपुर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हालिया मामलों में सीएम विष्णुदेव साय के ओएसडी रविकांत मिश्रा के घर के पास चोरी, डीएवी स्कूल की शिक्षिका नीलम पांडेय से चेन स्नेचिंग, बलरामपुर खदान में सशस्त्र डकैती, 31 मई को केशवनगर में स्वास्थ्य कार्यकर्ता शिखा बछाड़ के घर में लाखों की चोरी की वारदात हुई थी।
इन सभी मामलों में अब तक कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है। फिलहाल, पुलिस एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। संदेह है कि युवक किसी स्थानीय गिरोह से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच तेज कर दी है।




