भोपाल के प्रसिद्ध केरवा डैम में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डैम के गेट नंबर 8 के ऊपर बना सीमेंट कंक्रीट का स्लैब अचानक टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से ब्रिज पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार दोपहर की है। अचानक तेज आवाज के साथ ब्रिज का एक हिस्सा नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि केरवा डैम का निर्माण भदभदा डैम से भी पहले हुआ था, जबकि भदभदा डैम साल 1965 में बना था। इस हिसाब से केरवा डैम की उम्र लगभग 60 वर्ष से अधिक मानी जा रही है। यह डैम भोपाल के कोलार क्षेत्र में पानी की आपूर्ति का प्रमुख स्रोत है।
Read Also- रीवा-दिल्ली के बीच सीधी विमान सेवा शुरू, सीएम मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, सुबह करीब 9 बजे मैं इसी ब्रिज से होकर गुजरा था। कुछ दूर निकला ही था कि पीछे से स्लैब का हिस्सा भरभराकर गिर गया। अगर मैं कुछ मिनट देरी से पहुंचता तो शायद जान पर बन आती। उन्होंने बताया कि आसपास के कई गांवों के लोग रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में हजारों लोग केरवा डैम घूमने आते हैं, और अधिकतर पर्यटक इसी ब्रिज के रास्ते डैम के दूसरे हिस्से तक जाते हैं। सौभाग्य से हादसा उस समय नहीं हुआ जब यहां भीड़ रहती है, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ब्रिज के क्षतिग्रस्त हिस्से को घेराबंदी कर दिया गया है। फिलहाल आवाजाही बंद कर दी गई है और मरम्मत कार्य की तैयारी शुरू कर दी गई है।




