बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में चल रहे व्यापक नक्सल रोधी अभियान ‘मिशन संकल्प’ के तहत सुरक्षाबलों ने सोमवार को हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि इस अभियान के दौरान अब तक चार महिला नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह अभियान 21 अप्रैल को जिले के कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों और छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर शुरू किया गया था। ‘मिशन संकल्प’ नामक इस संयुक्त अभियान में लगभग 24 हजार जवान तैनात हैं, जिनमें जिला रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स, एसटीएफ, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन के जवान शामिल हैं।
Read Also- भाजपा सरकार बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों को लूट रही – विक्रम मंडावी
सोमवार को मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने एक महिला नक्सली को ढेर कर दिया। घटनास्थल से 303 राइफल और अन्य सामान बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार मुठभेड़ के बाद के निशानों से संकेत मिलता है कि कई अन्य नक्सली भी मारे गए या घायल हुए हैं, हालांकि शवों की बरामदगी अभी नहीं हो पाई है।
इस अभियान के तहत अब तक 800 वर्ग किलोमीटर के दुर्गम जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में फैले इलाकों में सैकड़ों नक्सली ठिकाने और बंकर नष्ट किए जा चुके हैं। सुरक्षाबलों ने हजारों किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, राशन, दवाएं और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी बरामद की हैं। मुठभेड़ के दौरान बारूदी सुरंग के विस्फोट में कोबरा, एसटीएफ और डीआरजी के कुछ जवान घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है और वे अब खतरे से बाहर हैं।
Read Also- युद्ध जैसी आपात स्थिति से निपटने दुर्ग में मॉक ड्रिल 7 मई को, गृह मंत्रालय ने जारी किया निर्देश
अधिकारियों ने बताया कि जिस क्षेत्र में अभियान चल रहा है, वह माओवादियों की पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) बटालियन नंबर-1 का प्रमुख ठिकाना है। खुफिया जानकारी के अनुसार, माओवादियों की केंद्रीय समिति के सदस्य चंद्रना, रामचंद्र रेड्डी, सुजाता, हिडमा और बरसे देवा जैसे बड़े नेता भी इलाके में मौजूद हैं।




