दुर्ग। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” अभियान के तहत पद्मनाथपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गांजा बेचते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1.1 किलोग्राम शुद्ध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5500 रुपये है।
पोटिया चौक में गांजा बेचते पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को 26 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोटिया चौक दुर्ग, शिव मंदिर गार्डन के पास एक व्यक्ति गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पद्मनाथपुर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और शेष नारायण वर्मा उर्फ जुगनू (उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 54, पोटियाकला, आबादीपारा, दुर्ग) को गांजा बेचते हुए गिरफ्तार कर लिया।
कुल मिलाकर आरोपी के पास से ₹21,000 की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। बरामद गांजा को विधिवत शीलबंद कर लिया गया है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27(क) के तहत अपराध दर्ज किया है। चूंकि यह मामला अजमानतीय अपराध की श्रेणी में आता है, इसलिए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील: नशे के खिलाफ साथ आएं नागरिक
दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि यदि किसी को नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




