राजनांदगांव। शहर के पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिसिन विभाग के एक डॉक्टर पर अनाधिकृत रूप से निजी प्रैक्टिस करने, निजी मेडिकल स्टोर से दवाएं लिखवाने और प्राइवेट डायग्नोस्टिक सेंटर से जांच करवाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा ने युवा कांग्रेस जिला महासचिव राहुल गजभिए और कांग्रेस नेता संदीप सोनी के साथ मिलकर अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और जांच की मांग की है।
ज्ञापन में क्या आरोप लगाए गए?
मिश्रा ने आरोप लगाया है कि संबंधित डॉक्टर सरकारी सेवा में रहते हुए निजी लाभ के लिए निजी मेडिकल से मरीजों को दवा लेने के लिए बाध्य कर रहे हैं। प्राइवेट लैब से टेस्ट कराने का निर्देश दे रहे हैं, और मेडिकल कॉलेज के भीतर ही 4 से 8 बजे तक बैठकर निजी फॉलोअप कर रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि डॉक्टर सील लगी पर्ची देकर मरीजों पर निजी रूप से फॉलोअप के लिए दबाव बना रहे हैं।
फार्मासिस्ट की मिलीभगत का भी आरोप
मीडिया पैनलिस्ट मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे कथित निजी प्रैक्टिस में अस्पताल में पदस्थ एक फार्मासिस्ट की मिलीभगत है। उन्होंने शिकायत के साथ उन पर्चियों की प्रतियां भी प्रस्तुत कीं, जो मरीजों को दी गई थीं।
जांच की मांग
कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गरिमा बनी रह सके और आम जनता को ठगा न जाए।




