रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई, जिसकी वजह से कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। निचले इलाकों में पानी भर चुका है और हालात को संभालने के लिए प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में लगना पड़ा है।
बस्तर-सुकमा में बाढ़ जैसे हालात
बस्तर और सुकमा जिलों से आई तस्वीरों ने स्थिति की गंभीरता बढ़ा दी है। कई जगहों पर लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में भारी वर्षा से स्थिति और बिगड़ गई है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों यानी 29 और 30 अगस्त को पूरे प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर का हाल
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में कल से बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश जारी है। दुर्ग और सुकमा जिलों में भी बीते 24 घंटों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है।




