रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को टिकट काउंटर पर लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यात्रियों की सुविधा और टिकटिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने टिकटिंग प्रणाली में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत बुधवार को मोबाइल यूटीएस टिकटिंग सेवा की शुरुआत की गई।
इस डिजिटल सेवा का शुभारंभ 27 अगस्त को मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी और सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह पहल रेलवे की टिकटिंग प्रणाली को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Read Also- रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का 93 वर्ष की उम्र में निधन
नई व्यवस्था के तहत स्टेशन पर तैनात टीटीई मोबाइल डिवाइस से तीन मिनट के भीतर यात्रियों को ऑन-द-गो टिकट उपलब्ध कराएंगे। इससे अचानक सफर करने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी और टिकट लेने की प्रक्रिया तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने यात्रियों से अपील की कि वे डिजिटल भुगतान को अपनाएं और इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि अब यात्रियों को न तो टिकट काउंटर पर लाइन लगाने की जरूरत होगी और न ही इंतजार करना पड़ेगा।




