रायपुर। प्रदेश में मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वर्तमान में विदाई रेखा श्रीगंगानगर, नागौर, जोधपुर और बाड़मेर से होकर गुजर रही है। आगामी दो से तीन दिनों में राजस्थान, पंजाब और गुजरात के कुछ हिस्सों से मानसून विदा ले सकता है।
छत्तीसगढ़ में नवरात्र पर्व के दौरान मानसून विदा होने की संभावना है। इस बीच, उत्तर तेलंगाना और विदर्भ के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र से दक्षिण महाराष्ट्र तक 3.1 से 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक एक द्रोणिका सक्रिय है।
मौसम विभाग के अनुसार, 15 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है। आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में लगातार कमी आने की संभावना जताई गई है।




