दुर्ग। जिले में रविवार को दुर्ग के सेक्टर-2 खेल मैदान में सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा 2 किलोमीटर लंबी मशाल दौड़ से हुई, जिसमें सांसद विजय बघेल और स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया।
मशाल रैली जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों के 14 स्थानों से गुजरते हुए कुल 293 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर मैदान पर समाप्त होगी। सांसद विजय बघेल ने बताया कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर देशभर में आयोजित किया जा रहा है और इसका उद्देश्य खेलों को आमजन तक पहुँचाना है।
Read Also- कबड्डी मैदान पर दर्दनाक हादसा: करंट की चपेट में आने से 3 खिलाड़ियों की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल
सांसद ने कहा कि महोत्सव में आधुनिक और पारंपरिक दोनों प्रकार के खेल शामिल होंगे। आधुनिक खेलों में कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, योगासन, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल होंगे, जबकि पारंपरिक खेलों में महिलाओं के लिए सुरीली कुर्सी और फुगड़ी, पुरुषों के लिए गेड़ी दौड़, और खो-खो व कबड्डी जैसे समूह खेल शामिल हैं।
खेल महोत्सव चार चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण 6 से 10 अक्टूबर तक ग्राम पंचायत स्तर पर होगा, दूसरा चरण 11 से 17 अक्टूबर तक क्लस्टर स्तर पर, तीसरा चरण 10 से 15 नवंबर तक विधानसभा स्तर पर और अंतिम चरण 23 से 25 दिसंबर तक लोकसभा स्तर पर संपन्न होगा।




