सरगुजा। जिले में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और बतौली के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. संतोष सिंह के बीच विवाद के बाद बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। घायल मरीज के इलाज में लापरवाही और एम्बुलेंस उपलब्ध होने के बावजूद टाटा मैजिक वाहन में रेफर करने के मामले में जांच के बाद डॉ. सिंह को पद से हटा दिया गया है।

हादसा और लापरवाही का मामला
बता दे कि, 10 अगस्त की रात नेशनल हाईवे-43 पर मंगारी के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल लाया गया। आरोप है कि अस्पताल में 3 एम्बुलेंस खड़ी होने के बावजूद घायल को करीब दो घंटे बाद टाटा मैजिक वाहन में अंबिकापुर रेफर किया जा रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे विधायक रामकुमार टोप्पो ने कड़ी नाराजगी जताते हुए BMO को निलंबित करने की अनुशंसा की।
आरोप-प्रत्यारोप
BMO डॉ. संतोष सिंह का कहना है कि विधायक ने एम्बुलेंस चालक को थप्पड़ मारा और उनके समर्थकों ने अस्पताल में गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विवाद के बाद OPD बंद करने तक की बात की गई।
Read Also- जिला अस्पताल में युवकों ने किया हंगामा, पुलिसकर्मी-गार्ड से की मारपीट, CCTV फुटेज वायरल
जांच और कार्रवाई
विवाद के बाद संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने जांच समिति गठित की। जांच रिपोर्ट में लापरवाही सामने आने पर CMHO डॉ. प्रेम सिंह मार्को ने 13 अगस्त की शाम आदेश जारी कर डॉ. सिंह को बतौली BMO पद से मुक्त करते हुए उनकी मूल पदस्थापना PHC बटईकेला भेज दिया। उन्हें मुख्यालय बटईकेला में रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
बतौली के नए BMO के रूप में मेडिकल ऑफिसर डॉ. अखिलेश भगत को तत्काल प्रभाव से प्रभार सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि डॉ. संतोष सिंह मूल पद पर रहते हुए भी लंबे समय से BMO पद पर कार्यरत थे। संयुक्त संचालक की अंतिम रिपोर्ट के बाद उनके खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई हो सकती है।




