रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को रायपुर कोर्ट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ 7 हजार पन्नों से अधिक का चालान दाखिल किया। ED अधिकारी चार बड़े बंडल दस्तावेज लेकर अदालत पहुंचे, जिसे कोर्ट में प्रस्तुत किया गया।
इसी बीच आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (EOW-ACB) ने भी कोर्ट में आवेदन देते हुए चैतन्य से पूछताछ के लिए 7 दिन की रिमांड मांगी है। हालांकि, कोर्ट ने इस पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। मामले की अगली सुनवाई मंगलवार को होगी।
Read Also- शिकारियों पर शिकंजा: वन विभाग ने हिरण शिकार व मांस तस्करी का किया भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद जेल प्रशासन ने सोमवार को चैतन्य बघेल को अदालत में पेश किया। चैतन्य पर शराब घोटाले के साथ-साथ कोल लेवी, महादेव सट्टा ऐप और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर मामलों में भी जांच चल रही है।
गौरतलब है कि चैतन्य बघेल को 18 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। तब से वे रायपुर जेल में बंद हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में EOW-ACB की टीम उनसे पूछताछ कर घोटाले से जुड़े कई अहम बिंदुओं की जांच को और आगे बढ़ाएगी।




