बिलासपुर। जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र की स्वर्णिम इरा कॉलोनी में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक अनोखे मामले का खुलासा किया है। इस मामले में मध्यप्रदेश के चार सटोरियों को गिरफ्तार किया गया है, जो ‘श्याम लूडो किंग’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए मोबाइल ऐप पर लूडो गेम खेलते समय हार-जीत के आधार पर सट्टा लगवाते थे।
पुलिस को इस गोरखधंधे की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिर की मदद से जांच की गई। पुख्ता जानकारी के बाद दबिश दी गई और चारों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में शहडोल (म.प्र.) निवासी राहुल छाबड़ा (25), सुमित चांदवानी (19), सागर के ओमप्रकाश नागवानी (20), और उमरिया के मोहित बर्मन (25) शामिल हैं।
Read Also- पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 161 पुलिसकर्मियों का हुआ तबादला, देखें पूरी सूची
पुलिस के अनुसार, राहुल छाबड़ा एक सप्ताह पहले ही शहडोल से बिलासपुर आकर स्वर्णिम इरा कॉलोनी में एक मकान किराए पर लेकर ठहरा था। यहां उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘श्याम लूडो किंग’ नाम का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया और इसमें सटोरियों को जोड़ना शुरू किया। समूह में शामिल लोगों को एक विशेष कोड के जरिए मोबाइल पर लूडो खेलने के लिए आमंत्रित किया जाता था और फिर हार-जीत के आधार पर पैसे का सट्टा लगाया जाता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और करीब 20 लाख रुपये के ऑनलाइन लेन-देन का हिसाब-किताब जब्त किया है। मोबाइल में दर्ज रजिस्टर से यह भी साफ हुआ कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था।
Read Also- तत्काल टिकटों की कालाबाजारी का खुलासा, नया नियम भी नाकाम
चारों आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके संपर्क में और कौन-कौन लोग हैं।




