रायपुर। राजधानी रायपुर में करोड़ों की ठगी के मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने 1 करोड़ 20 लाख रुपये की गबन के मामले में केमप्लास्ट प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के अकाउंटेंट सागर तिवारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कंपनी के खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर रकम गबन की थी।
यह मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
कैसे की गई ठगी?
प्रार्थी अनुराग अग्रवाल की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बताया कि उनका ऑफिस कचना, रायपुर में स्थित है, जहां आरोपी अकाउंटेंट के तौर पर नियुक्त था। कंपनी के वित्तीय लेन-देन की पूरी जिम्मेदारी उसी के पास थी।
आरोपी ने इस जिम्मेदारी का गलत फायदा उठाते हुए 1 जुलाई 2024 से अब तक अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल ₹1.20 करोड़ की हेराफेरी की।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी की अगुवाई में एक टीम गठित की गई जिसने शिकायतकर्ता से विस्तृत जानकारी लेकर आरोपी की खोज शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपी सागर तिवारी पिता भागीरथी तिवारी (उम्र 30 वर्ष), निवासी अशोक नगर सरकंडा, जिला बिलासपुर को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने गबन की बात कबूल कर ली है।
जारी है आगे की कार्रवाई
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस गहन पूछताछ व आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है। मामला आर्थिक अपराध से जुड़ा होने के कारण, जांच में बैंक खातों और ट्रांजेक्शन डिटेल की भी गहराई से जांच की जा रही हैं।




