रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने साफ कर दिया है कि मां और बच्चे के स्वास्थ्य व पोषण को लेकर कोई समझौता नहीं होगा। महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पूरी संवेदनशीलता से पहुंचे, इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने घर-घर सर्वे का आदेश दिया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग सचिव शम्मी आबिदी ने समीक्षा बैठक में कहा कि जिन मामलों में हितग्राही पते पर मौजूद नहीं हैं, दस्तावेज अधूरे हैं या लाभार्थी की मृत्यु हो चुकी है, वहां तुरंत रिपोर्ट बनाकर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आंगनबाड़ी से लेकर जिला स्तर तक यदि कहीं लापरवाही मिली, तो जिम्मेदार अफसर और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
बैठक में यह भी तय हुआ कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और महतारी वंदन योजना को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर लागू किया जाएगा। सचिव ने कहा—
“हर गर्भवती और धात्री मां, हर बच्चे तक पोषण और सुरक्षा पहुंचाना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।”
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को टेक होम राशन वितरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। कहा कि पात्र माताओं और बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण राशन समय पर पहुंचे, इसमें गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इंद्रावती भवन में हुई इस बैठक में संचालक पदुम सिंह एल्मा समेत विभागीय अफसर मौजूद रहे।




