बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर तहसील में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पण्डरी गांव में पदस्थ पटवारी मोहन सिंह को 13 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह रिश्वत एक किसान से जमीन के बंटवारे के नाम पर मांगी गई थी।
जानकारी के अनुसार, वाड्रफनगर के एक किसान ने अपनी पैतृक जमीन के बंटवारे के लिए पटवारी कार्यालय में आवेदन दिया था। किसान का आरोप है कि पटवारी मोहन सिंह लगातार काम टालता रहा और पैसों की मांग करता रहा। आखिरकार उसने 13 हजार रुपये की रिश्वत तय की। किसान ने ACB से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने कार्रवाई की योजना बनाई और पटवारी को रिश्वत लेते ही रंगेहाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि जब्त कर ली गई और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों और किसानों ने ACB की त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार आम हो चला है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है। ACB की इस कार्रवाई से लोगों में भरोसा बढ़ा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अब ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।




