Khabarwaad Bijapur: आठ सदस्यीय जांच दल के संयोजक व पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम ने बीजापुर में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि “बीजापुर जिले के थाना गंगालूर अन्तर्गत ग्राम पंचायत पीडिया में बीते 10 मई 2024 को बीजापुर पुलिस ने मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया। वही इसके उलट ग्राम पीडिया के ग्रामीणों ने पुलिस के दावों को ग़लत बताते हुए इस मुठभेड़ को फ़र्ज़ी करार देते हुए कहा कि मारे गये लोग आम आदिवासी है, जो खेती किसानी करके अपना जीवन यापन करते है।
टीवी, अख़बारों और सोशल मीडिया आदि में इस घटना को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के दावों को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है।” पीडिया गांव की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने वस्तुस्थिति को जानने के लिए 13 मई 2024 को आठ सदस्यीय जांच दल का गठन किया यह जांच दल 16 मई 2024 को पीडिया गांव की ओर रवाना हुई।
इस बीच जांच दल को पुलिस और सुरक्षाबल के जवानों ने जगह जगह बेरिकेट लगाकर पीडिया गांव की ओर जाने से रोकने का प्रयास भी किया लेकिन जांच दल पीडिया गांव की ओर गई और घटना में मारे गये लोगो के परिजनों, घटना के चश्मदीदों और ग्रामीणों से मुलाक़ात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली है, घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपी जाएगी।
कांग्रेस जांच दल के संयोजक संतराम नेताम ने अपने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि “प्रदेश के मुख्यमंत्री आदिवासी, लेकिन प्रदेश के आदिवासी ही असुरक्षित है।” अपने प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा “ऐसी घटनाओं से आने वाले समय में आदिवासियों के अस्तित्व, उनके जीवन शैली और उनकी संस्कृति पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा” यह विडंबना ही है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं ही आदिवासी वर्ग से आते है बावजूद इसके आज आदिवासी सुरक्षित नहीं है और लगातार आदिवासी मारे जा रहे है।
Read Also: CG NEWS: इस जिले में फिर बढ़ा डायरिया का खतरा, दो गांवों में मिले 80 मरीज, एक की मौत
सरकार चाहती तो ऐसे घटनाओं को रोक सकती थी लेकिन प्रदेश सरकार की नाकामी के कारण लगातार आदिवासी मारे जा रहे है यह चिंता जनक है, प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद भाजपा सरकार आदिवासियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल है। लगातार आदिवासियों की मौतें हो रही है। आदिवासियों के साथ ऐसे घटनायें क्यों घट रही इसकी जांच होनी ही चाहिए ताकि सच्चाई सामने आये। इसलिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्य सरकार से मांग करती है कि इस पूरे घटना की जांच माननीय उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय न्यायिक जांच हो ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।
Read Also: IPL 2024: इस शख्स को CSK vs RCB मैच का टिकट खरीदना पड़ा महंगा, धोखेबाजों ने उड़ा डाले 3 लाख रुपये
पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम ने पाने विज्ञप्ति में आगे कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से लगातार किसी न किसी घटना में आदिवासी मारे जा रहे है यह बेहद ख़तरनाक और चिंताजनक स्थिति है, निर्दोष आदिवासियों की मौतें बंद हो और आदिवासियों की लगातार हो रही मौतों की ज़िम्मेदारी प्रदेश सरकार और भाजपा ले।
Read Also: सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही, बच्ची की उंगली की जगह कर दी जीभ की सर्जरी
आदिवासियों को न्याय मिलने तक कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को लगातार लड़ते रहेगी। पीडिया घटना की जांच कमेटी में इंद्रशाह मंडावी विधायक मोहला-मानपुर, विक्रम मंडावी विधायक बीजापुर, जनक राम ध्रुव विधायक बिंद्रा-नवागढ़, सावित्री मंडावी विधायक भानुप्रतापपुर, रजनू नेताम अध्यक्ष ज़िला कांग्रेस कमेटी नारायणपुर, शंकर कुडियम अध्यक्ष ज़िला पंचायत बीजापुर आदि शामिल थे। कांग्रेस जांच दल के साथ कांग्रेस नेता छविंद्र कर्मा, ज़िला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर सहित कांग्रेस कार्यकर्ता साथ थे।




