KHABARWAAD ELECTION DESK. छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में बस्तर लोकसभा की सीट खोने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इस बार इस सीट को वापस पाने के लिए कमर कस ली है। इसलिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस सीट पर मेहनत करते हुए दिखाई देंगे। नरेंद्र मोदी 8 अप्रैल को बस्तर लोकसभा में चुनावी सभा करेंगे।
बस्तर से भाजपा ने एक बार सरपंच रहे महेश कश्यप को अपना उम्मीदवार बनाया है तो वहीं प्रदेश के पूर्व आबकारी एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा चुनावी मैदान में है। कवासी लखमा बस्तर में एक लोकप्रिय नेता के रूप में जाने जाते हैं। इसके बाहर भी उनकी लोकप्रियता कम नहीं है और उन्हें दादी कह कर सभी संबोधित करते हैं। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ के कोंटा विधानसभा से वे लगातार 7 बार चुनाव जीत कर आये हैं। राज्य गठन के बाद से ज्यादातर लोकसभा के चुनाव यहां भाजपा ने जीता है।
हालांकि पिछला चुनाव कांग्रेस के दीपक बैज ने जीतकर कांग्रेस को इस सीट में स्थापित किया था। ऐसे में जहां कांग्रेस इस सीट को दुबारा से जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। वहीं भाजपा इस सीट को पाने के लिए पीएम मोदी को लाकर जनता के बीच फिर से भाजपा के लिए जगह बनाने की कोशिश कर रही है।




