राजनांदगांव। सरकारी दफ्तर से ₹4.83 लाख के कंप्यूटर और प्रिंटर चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। सिटी कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में दो चोरों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से ₹4.83 लाख का चोरी गया सामान बरामद किया गया है। डॉ. पवन कुमार ठाकुर, निवासी विवेकानंद नगर, वार्ड क्रमांक 22, ने 18 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 जून की शाम 6 बजे से 18 जून की सुबह 7 बजे के बीच कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं औषधालय, राजनांदगांव से तीन नए कंप्यूटर और एक प्रिंटर चोरी कर लिए गए।
पुलिस द्वारा तत्काल धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें दो संदिग्धों की पहचान हुई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने राजेन्द्र राजपूत (निवासी ब्राह्मणपारा, वार्ड 38) और गणेश राजपूत (निवासी सिनेमा लाइन, वार्ड 24) को नाकाबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।




