रायपुर। राजधानी में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर हर शनिवार और रविवार रात विशेष चेकिंग ड्राइव चलाई जा रही है। अब तक 1000 से अधिक मामलों में चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
जन्माष्टमी की रात पूजा के लिए बस इतनी देर रहेगा शुभ मुहूर्त, नोट कर लें टाइमिंग
पिछले विकेंड की कार्रवाई
पिछले शनिवार और रविवार रात पुलिस ने 24 ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में चालकों को पकड़कर उनके वाहन जब्त किए और मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण न्यायालय भेजा। कोर्ट ने इन पर 10,000 से 15,000 रुपये तक जुर्माना लगाया और कई चालकों के लाइसेंस निलंबित किए।
चेकिंग के प्रमुख स्थान
अभियान के दौरान श्रीराम मंदिर तिराहा, तेलीबांधा थाना तिराहा, ग्राम फुंडहर चौक, स्टेडियम टर्निंग और नवा रायपुर में बैरिकेडिंग कर रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक रैंडम चेकिंग की जाती है।
क्यों जरूरी है यह कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, नशे में वाहन चलाना चालक और अन्य लोगों के लिए गंभीर खतरा है। सड़क दुर्घटनाएं रोकने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यह अभियान आवश्यक है।
त्योहारी सीजन में सख्त निगरानी
त्योहारी मौसम को देखते हुए सोमवार से शुक्रवार भी चेकिंग अभियान जारी है। हाल ही में पांच दिनों में 60 से अधिक चालकों पर कार्रवाई की गई।
नेतृत्व में कड़ी निगरानी
अभियान का संचालन एएसपी (यातायात) डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और डीएसपी (यातायात) सतीश ठाकुर एवं गुरजीत सिंह के नेतृत्व में हो रहा है। यातायात विभाग के अधिकारी मौके पर रहकर चेकिंग का नेतृत्व करते हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा में सहयोग दें।




