रायपुर। चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए डबल इंजन की सरकार गिरने की भविष्यवाणी कर दी। इस बयान पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने तीखा पलटवार किया है।
डॉ. सिंह ने कहा कि, सरकार आती है और जाती है, किसी के श्राप से कुछ नहीं होता। जिसने भ्रष्टाचार किया है, उसका न्यायालय में सही निर्णय होगा। ऐसे में परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है, बल्कि धैर्य से इंतजार करना चाहिए।
Read Also- हरेली तिहार पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर किया तीखा हमला, बोले- छत्तीसगढ़ को उजड़ने नहीं देंगे
यह बयान उन्होंने खेल एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के निवास में हरेली पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया। इस मौके पर डॉ. रमन सिंह ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल पर गौठानों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि, गौठानों की जो हालत है, वह भूपेश सरकार की देन है। उन्होंने ही पांच वर्षों में इनकी स्थिति खराब की और अब उनके पास बोलने का कोई हक नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह पारंपरिक और उत्सवमय रहा। मंत्री टंकराम वर्मा ने गेड़ी चढ़कर बचपन की यादें ताजा कीं और कहा, आज पूरा छत्तीसगढ़ हरेली के रंग में रंगा है। हमने भी 6 पौवा वाली 10 फीट की गाड़ी चलाई है। कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि त्योहार और खेल किसी पार्टी की बपौती नहीं हैं। हम तो बचपन से ही इसमें भाग लेते आए हैं।
Read Also- छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी: 25 से 27 जुलाई तक रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी, प्रशासन अलर्ट मोड पर
डॉ. रमन सिंह ने हरेली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टंकराम वर्मा के घर शादी हो तो बाहर से कलाकार बुलाने की जरूरत नहीं, तीनों भाई ही काफी हैं। हम कामना करते हैं कि चारों ओर खुशहाली आए। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सराहना करते हुए कहा कि वे बड़े-बड़े काम करने वाले नेता हैं और उनके नेतृत्व में राज्य आगे बढ़ेगा।




