रायपुर। आमानाका क्षेत्र के हर्षित फार्च्यूना अपार्टमेंट में मंगलवार रात एक प्रॉपर्टी डीलर की उसके ही बेटे, परिजनों और ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर पिटाई कर दी। घायल प्रॉपर्टी डीलर ईश्वर साहू ने पुलिस को बताया कि वह जमीन खरीदी-बिक्री और समाजसेवा का कार्य करता है तथा पारिवारिक विवाद के कारण कई सालों से अलग रह रहा है।
घटना 30 अक्टूबर की है, जब ईश्वर साहू एक परिचित महिला के घर भोजन करने गया था। इसी दौरान वहां उसका बेटा मनीष, परिजन और ससुराल पक्ष के लोग पहुंच गए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए ईश्वर साहू और महिला पर हमला कर दिया। मनीष ने मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन पटककर तोड़ दिया। मारपीट में महिलाएं भी शामिल थीं।
ईश्वर साहू ने रिपोर्ट में बताया कि इससे पहले भी उसके परिजन और ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर चुके हैं। घटना के बाद कॉलोनी में हंगामा मच गया और बड़ी संख्या में लोग बाहर निकल आए। आसपास के लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताई।
पुलिस रिपोर्ट में दस आरोपियों के नाम दर्ज किए गए हैं, जिनमें ईश्वर साहू का बेटा, बेटी और ससुराल पक्ष के रिश्तेदार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, हाथ-मुक्के से की गई मारपीट में ईश्वर साहू के चेहरे पर चोटें आई हैं, जबकि महिला के नाक, मुंह, पीठ और कलाई पर गंभीर चोटें लगी हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




