रायपुर। छत्तीसगढ़ मोटरस्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम में आज से दो दिवसीय नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग प्रतियोगिता शुरू हो रही है। देशभर से 115 प्रोफेशनल राइडर्स हिस्सा लेंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के 50 चयनित राइडर्स शामिल हैं। प्रतियोगिता की थीम सेफ रेसिंग-सेफ राइडिंग-सेफ ड्राइविंग है।
खास ट्रैक और ऊंची जंपिंग
स्टेडियम ग्राउंड को समतल कर 3-5 फीट ऊंचे जंपिंग ट्रैक तैयार किए गए हैं। राइडर्स को स्पीड नियंत्रण के साथ विभिन्न बाधाओं का सामना करना होगा। फ्री स्टाइल मोटोक्रॉस के लिए 13 फीट ऊंचा हर्डल ट्रैक बनाया गया है।
10 साल से कम उम्र के बच्चे भी शामिल
सुरक्षा मानकों की जांच के बाद 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को भागीदारी की अनुमति दी जाएगी। देश की सबसे कम उम्र की नेशनल राइडर 14 वर्षीय ऐलिना मंसूर भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी, जिन्होंने 9 साल की उम्र में पहला नेशनल खेला था।
यामहा, टीवीएस, होंडा के राइडर्स पहुंचेंगे
यामहा, टीवीएस और होंडा की आधिकारिक टीमें शनिवार सुबह राजधानी पहुंचेंगी। एसोसिएशन अध्यक्ष उज्ज्वल ने बताया कि प्रतियोगिता नेशनल सुपरक्रॉस नियमों के तहत होगी तथा सुरक्षा के सभी मानक पूरे किए गए हैं। प्रतियोगिता में दर्शकों के लिए निःशुल्क प्रवेश रहेगा।




