रायपुर। SSP डॉ लाल उमेद सिंह ने माना थाना में पदस्थ हवलदार रमेश राठौर और उनके दो सहकर्मी आरक्षक हेमंत राठौर व निराला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही थाना प्रभारी को मौखिक आदेश से माना थाना से हटाकर रक्षित केंद्र भेज दिया है।
यह कार्यवाही रायपुर के VIP रोड स्थित फुंडहर चौक में हुई एक घटना को लेकर की गई है। बताया जा रहा है शनिवार रात यहां राजिम निवासी एक एक्टिवा सवार युवक की जेब से चेकिंग के दौरान हवलदार रमेश राठौर और उनके सहकर्मी 12 लाख 70 हजार रुपए बरामद किए थे।
रमेश राठौर और उनके साथी सहकर्मी पर आरोप है कि उन्होंने युवक के साथ मारपीट की और नगद को दबाने की मंशा से अपने साथ ले गए। बताया जा रहा, जब इस मामले की जानकारी थाना प्रभारी तक पहुंची तो उन्होंने मामले की जांच कर तीनों पुलिसकर्मियों से युवक को रुपए वापसी भी कराए। लेकिन प्रार्थी को न्याय दिलाने के साथ साथ इन तीनों दागी पुलिसकर्मियों को बचाना थानेदार को भारी पड़ते नजर आ रहा है।




