रायपुर। राजधानी रायपुर में बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और फिर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, हालांकि वारदात की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोरा भाठा इलाके का है।
कैसे हुई वारदात
शिकायतकर्ता संतोषी यादव ने बताया कि 13 अगस्त की रात उनका बेटा सोमनाथ यादव घर में सो रहा था। रात करीब 11 बजे चार लड़के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाने लगे। दरवाजा खोलते ही उन्होंने सोमनाथ को पकड़ लिया और घसीटकर बाहर ले आए।
बदमाशों ने किया हमला
चारों आरोपियों ने सोमनाथ को घेरकर गाली-गलौज की और लात-घूंसे से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद धारदार हथियार से उसके पैर की पिंडली पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खून बहने लगा तो आरोपी मौके से भाग निकले।
इलाज के दौरान मौत
घायल को एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां 14 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




