राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर 17 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम सांकरा और टेड़ेसरा की जमीन का सौदा करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से लाखों की रकम ऐंठ ली गई। पुलिस ने आरोपी पी. विजय कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ऐसे रची गई ठगी की साजिश
प्रार्थी की शिकायत के मुताबिक, ग्राम सांकरा स्थित बालाजी ड्रीम सिटी में प्लॉट खरीदने के लिए उन्होंने पी. विजय कुमार से संपर्क किया। आरोपी ने टेड़ेसरा स्थित ब्लॉक A, प्लॉट नंबर 72 (रकबा 2256.28 वर्गफुट) की कीमत 15 लाख 56 हजार 819 रुपए बताई और एडवांस व अन्य खर्चों के नाम पर 11 लाख 27 हजार रुपए ले लिए।
इसी तरह, टेड़ेसरा के प्लॉट नंबर 154 और 155 के लिए 13 लाख 69 हजार 588 रुपए का सौदा तय कर, आरोपी ने एडवांस और खर्चों के नाम पर 5 लाख 71 हजार 100 रुपए की वसूली की। कुल मिलाकर आरोपी ने 16 लाख 98 हजार 100 रुपए की धोखाधड़ी की।
झूठे दस्तावेज और नकली प्रक्रिया
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रकम लेने के बाद छलपूर्वक विक्रय पत्र और आम मुख्तयारनामा बनवा लिया और सभी मूल दस्तावेज अपने पास रख लिए। उसने रजिस्ट्री कार्यालय में फर्जीवाड़े का नाटक कर रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी करने का दिखावा किया, लेकिन रजिस्ट्री कभी हुई ही नहीं।
आरोपी को भेजा गया जेल
सोमनी थाना पुलिस ने आरोपी पी. विजय कुमार के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों की भी पहचान की जा रही है।।




