रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ग्रामीणों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए कुएं में गिरे एक हिरण (कोटरी) की जान बचाई। मंगलवार सुबह कुत्तों से बचते हुए हिरण छाल रेंज के बेहरामुदा गांव में एक गहरे कुएं में गिर गया।
ग्रामीणों ने खुद संभाली जिम्मेदारी
घटना की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी, लेकिन काफी देर इंतजार के बाद भी कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं पहल करते हुए रस्सी और सीढ़ी की मदद से हिरण को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वापस जंगल में छोड़ा जाएगा
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। फिलहाल ग्रामीण हिरण को वापस जंगल में छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते वन विभाग की टीम पहुंचती, तो उन्हें इस तरह की जोखिम उठाने की जरूरत नहीं पड़ती।




