राजनांदगांव। डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर के ऊपरी हिस्से में गुरुवार शाम बलि देने का प्रयास विवाद का कारण बन गया। पूर्व सांसद स्व. शिवेंद्र बहादुर सिंह के पुत्र भवानी बहादुर ने आदिवासी समाज के 60-70 सदस्यों के साथ भेड़ लेकर रणचंडी मंदिर के निकट सीढ़ियों से ऊपर पहुंचने की कोशिश की। ट्रस्ट सदस्यों को जानकारी मिलते ही उन्होंने प्रशासन को सूचित किया, जिसके बाद एसडीएम और एसडीओपी आशीष कुंजाम दलबल सहित मौके पर पहुंचे।
ट्रस्ट के अनुसार, मंदिर में बलि की कोई परंपरा नहीं है, और यह कृत्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। भवानी बहादुर ने आदिवासी रीति का हवाला देकर बलि को उचित ठहराने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन के दृढ़ रुख के कारण सभी को पीछे हटना पड़ा। एसडीओपी कुंजाम ने बताया कि मामले की जांच चल रही है, जिसमें आदिवासी समाज की भूमिका की भी सत्यापन किया जा रहा है।




