जगदलपुर। बस्तर जिला मुख्यालय में रविवार सुबह आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कावापाल पंचायत की सरपंच के पति कमलोचन बघेल ने अस्पताल से फरार होकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। उसका शव जगदलपुर स्थित एसपी कार्यालय के सामने एक पेड़ से लटका मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, कमलोचन बघेल बीते कुछ दिनों से डिमरापाल अस्पताल में भर्ती था, जहां उनका इलाज चल रहा था। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे वे अस्पताल से बिना किसी को कुछ बताए अचानक गायब हो गए। परिजनों ने उन्हें आसपास तलाशा, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
Read Also- अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी, चैन माउंटेन वाहन किया गया जब्त
रविवार सुबह जब कुछ लोग एसपी कार्यालय के पास स्थित एक चाय के ठेले के पास पहुंचे, तो वहां एक पेड़ से लटकता हुआ शव दिखाई दिया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान कमलोचन बघेल के रूप में की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और कमलोचन के परिजनों व जान-पहचान वालों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के पीछे के कारणों का पता चल सकेगा। घटना से मृतक के गांव और परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।




