जगदलपुर। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। कालीमेला थाना क्षेत्र के धूमल और चिलकलामुडी रिजर्व फॉरेस्ट इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की एक गुप्त बंदूक फैक्ट्री का खुलासा हुआ है।
आंध्र-ओडिशा सीमा पर सिलुरु थाना क्षेत्र में डीवीएफ जवानों की कार्रवाई में कई अर्धनिर्मित बंदूकें, हथियारों की मरम्मत में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और निर्माण सामग्री बरामद की गई है। तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाई गई तीन बारूदी सुरंगें भी मिलीं, जिनका वजन क्रमशः तीन, दो और एक किलो बताया गया है। इसके अलावा पांच डेटोनेटर, कॉडेक्स वायर, वेल्डिंग मशीन, जनरेटर और वेल्डिंग रॉड जैसे उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार यह फैक्ट्री नक्सलियों के हथियार निर्माण और मरम्मत का अहम ठिकाना थी। बरामद सभी विस्फोटक और सामग्री को सुरक्षा बलों ने मौके पर नष्ट कर दिया, जबकि जब्त किए गए उपकरणों को जिला पुलिस कार्यालय में प्रदर्शित किया गया। मलकानगिरी पुलिस ने इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क पर बड़ा प्रहार बताया है और आगे भी ऐसे अभियानों को और तेज करने की बात कही है।




