स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने जुलाई महीने का प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड से नवाजा है। इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर वियान मुल्डर को कड़ी टक्कर में पीछे छोड़ दिया।
शुभमन गिल ने जून से अगस्त के बीच इंग्लैंड में खेली गई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल चार शतकीय पारियां जमाईं। जुलाई महीने में उन्होंने तीन टेस्ट मैचों में 567 रन बनाए, जिनमें एक शानदार डबल सेंचुरी और दो शतकीय पारी शामिल थीं। उनका इस सीरीज में एक और शतक अगस्त में आया था, जो जुलाई के आंकड़ों में शामिल नहीं है।
Read Also- क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जिना रॉड्रिगेज ने की सगाई, इंस्टाग्राम पर शेयर की तस्वीर
यह अवॉर्ड शुभमन के लिए बेहद खास है क्योंकि यह टेस्ट टीम की कप्तानी करते हुए उनकी पहली सीरीज रही और उन्होंने अपनी कप्तानी में जबरदस्त प्रदर्शन किया। साथ ही, शुभमन गिल वह पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने इस सम्मान को चार बार अपने नाम किया है। उन्होंने पहले भी इस साल फरवरी में और 2023 में दो बार यह अवॉर्ड जीता था।
महिला क्रिकेट में इंग्लैंड की बल्लेबाज सोफिया डंकली को प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया। उन्होंने अपनी टीम की साथी सोफी एकलस्टन और आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस को पछाड़ा।
अवार्ड मिलने के बाद शुभमन गिल ने कहा, “प्लेयर ऑफ द मंथ का सम्मान पाना मेरे लिए गर्व की बात है। खासकर यह अवॉर्ड मेरी पहली कप्तानी सीरीज में मिलने की वजह से मेरे लिए और भी महत्वपूर्ण है। बर्मिंघम में डबल सेंचुरी मेरी इंग्लैंड यात्रा की सबसे बड़ी यादगार रही। इस सीरीज ने मुझे एक कप्तान के तौर पर बहुत कुछ सिखाया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन क्रिकेट खेला।”
Read Also- RTI के दायरे से बाहर रहेगा BCCI: खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक में किया संशोधन, जानिए वजह
ICC ने 2021 में प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड की शुरुआत की थी। महिला खिलाड़ियों में ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर और वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज भी इस अवॉर्ड को चार-चार बार जीत चुकी हैं।




