बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने जादू-टोने के शक में अपनी ही मां को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र के सरवानी गांव की है।
जानकारी के अनुसार, विष्णु केंवट, जो अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ रहता है, शुक्रवार की शाम अचानक थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी मां मंटोरा बाई केंवट (55) की हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी के साथ गांव पहुंचकर जांच की तो मां का शव उसके घर के पास सड़क पर खून से लथपथ पड़ा मिला।
Read Also- छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों को बड़ी सौगात: महापौर, अध्यक्ष और पार्षद निधि हेतु 102.97 करोड़ रुपए जारी
अंधविश्वास में हुई हत्या
विष्णु ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ सालों से उसके बच्चों की तबीयत बार-बार खराब होने की वजह से वह मानसिक तनाव में था। बच्चों के इलाज के बावजूद राहत न मिलने पर वह झाड़-फूंक कराने बैगाओं के पास गया। इसी दौरान एक बैगा ने कहा कि उसके बच्चों पर परिवार का ही सदस्य जादू-टोना कर रहा है। विष्णु ने इस पर शक अपनी मां पर किया और उन्हें जादू-टोना करने से मना किया। मां ने साफ मना कर दिया, जिसके बाद उसने गुस्से में अपनी मां को कुल्हाड़ी से मार दिया।
पुलिस की कार्रवाई
चकरभाठा थाना के टीआई उत्तम साहू ने बताया कि आरोपी के मन में अंधविश्वास था और इसी कारण उसने यह अपराध किया। पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।




