सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा और गरियाबंद जिलों में भारी बारिश के बावजूद सुरक्षा बलों का नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र और गरियाबंद जिले के मैनपुर-जुगाड़ क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाई गई विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं।
तोमर बंधुओं की बढ़ी मुसीबत, कर्ज के नाम पर जबरन वसूली करने वाले गिरोह पर फिर FIR दर्ज, 2 लाख के बदले वसूले 30 लाख रुपए
कोंटा के पीलावाया जंगल में डीआरजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान के दौरान कोडेक्स वायर, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की। इसकी पुष्टि सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने की है। इस ऑपरेशन को मानसून की कठिन परिस्थितियों के बावजूद अंजाम दिया गया।
वहीं गरियाबंद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गुरुवार को मैनपुर और जुगाड़ थाना क्षेत्र के इंदागांव जंगलों में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिलने के बाद कोबरा 207 वाहिनी, सीआरपीएफ और गरियाबंद पुलिस की संयुक्त टीम सर्चिंग पर रवाना हुई थी। तलाशी अभियान के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया राशन और दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामद सामग्री को नक्सलियों की आगामी गतिविधियों के लिए तैयार किया गया स्टॉक बताया है। वहीं इस कार्रवाई से नक्सलियों को लॉजिस्टिक सप्लाई में बड़ा झटका लगा है।
गरियाबंद पुलिस ने नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील करते हुए कहा है कि वे शासन की पुनर्वास नीति के तहत समाज की मुख्यधारा से जुड़ें। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को स्वरोजगार प्रशिक्षण, आवास, मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं और शासकीय नौकरी जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके लिए नजदीकी थाना, पुलिस चौकी या 94792-27805 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
सुरक्षा बलों का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज़ किए जाएंगे ताकि नक्सलियों के मंसूबों को पूरी तरह नाकाम किया जा सके।




